Kabir Singh Box Office : कल 150 करोड़ कमाना तय, संडे तक छू सकती है 170 करोड़ का आंकड़ा

Kabir Singh के दूसरे हफ्ते की शुरुआत भी बढ़िया रही है। शाहिद कपूर स्टारर ने दूसरे शुक्रवार को 12.21 करोड़ रुपए कमाए हैं। इस कमाई के बाद इसकी जेब में कुल रकम करीब 146.63 करोड़ रुपए है। तय है कि कल यानी शनिवार की कमाई के बाद यह 150 करोड़ पार होगी। इस वीकेंड पर यह 170 करोड़ का आंकड़ा भी छू सकती है।
शुक्रवार को ‘आर्टिकल 15’ के रिलीज होने के बाद इस पर थोड़ा असर हुआ है लेकिन बड़ा फर्क नहीं आया है। इस फिल्म ने पूरे देश के हर इलाके में कमाई की है। अरसे बाद किसी फिल्म को ऐसा स्वागत मिला। वर्ल्डकप के मैचेस और ‘ए’ सर्टिफिकेट के बावजूद यह कमाती रही। किसी ने नहीं सोचा था कि यह फिल्म फिल्म केवल पांच दिन में 100 करोड़ी होगी, तमाम कयासों को इसने हराया। पहले दिन इसने तमाम उम्मीदों से आगे जाकर 20.21 करोड़ रुपए कमाए थे। दो साल पहले रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ का आधिकारिक रीमेक है ‘कबीर सिंह’ । इसका निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा ने किया है। निर्माता है टी-सीरीज के भूषण कुमार। साउथ की ‘अर्जुन रेड्डी’ में विजय देवराकोंडा मुख्य भूमिका में दिखे थे।
‘कबीर सिंह’ को भारत में पिछले हफ्ते 3123 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था, अब दूसरे हफ्ते में यह जरा कम जगह पर है। इस फिल्म ने 2019 में रिलीज हुई कई बड़ी हिट फिल्मों को पीछे कर दिया है। मल्टीप्लेक्स में टिकट दर बेहद कम रही, फिर भी जोरदार कमाई हो रही है। यह शाहिद कपूर की पहली सोलो हिट है जिसने इतनी कमाई की है। शाहिद की ‘पद्मावत’ जरूर 100 करोड़ कमा चुकी है लेकिन उसमें शाहिद अकेले नहीं थे, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह भी इस मल्टीस्टारर में शामिल थे। ‘कबीर सिंह’ शाहिद की सोलो फिल्म है, तो 100 करोड़ श्रेय केवल शाहिद को मिलेगा। देखने वाले भी इसकी खूब तारीफ कर रहे हैं। इसमें सारे वो गुण देखे जा रहा हैं जो एक हिट फिल्म में होना चाहिए। अभी दो हफ्ते और यह फिल्म टिकी रहेगी।