332 करोड़ की हेराफेरी में पूर्व सीएम ईबोबी सिंह के बाद अब पूर्व आइएएस अफसर से पूछताछ

नई दिल्ली। 332 करोड़ रुपये की हेराफेरी के मामले में मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री ओ. ईबोबी सिंह से पूछताछ के एक दिन बाद सीबीआइ ने गुरुवार को मणिपुर डेवलपमेंट सोसायटी (एमडीएस) के पूर्व चेयरमैन ओ. नबाकिशोर सिंह से पूछताछ की। सीबीआइ टीम का नेतृत्व कर रहे संयुक्त निदेशक एनएम सिंह ने इंफाल में पूर्व आइएएस अधिकारी नबाकिशोर सिंह से सवाल पूछे।
सीबीआइ टीम मंगलवार को मामले की जांच के सिलसिले में इंफाल पहुंची है। नबाकिशोर सिंह से सीबीआइ ने पूर्वाह्न 11:30 बजे पूछताछ शुरू की। इस दौरान उनसे एमडीएस के चेयरमैन रहने के दौरान परियोजनाओं की स्वीकृति व राशि में हेराफेरी से संबंधित सवाल पूछे गए। केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले में और भी कुछ लोगों से पूछताछ कर चुकी है। आरोप है कि जून 2009 से जुलाई 2017 के दौरान चेयरमैन रहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ईबोबी सिंह ने कुछ लोगों के साथ मिलकर एमडीएस के लिए आवंटित 518 करोड़ रुपये में से 332 करोड़ रुपये की हेराफेरी की
सीबीआइ ने इस मामले में एमडीएस के दो अन्य पूर्व चेयरमैन डीएस पूनिया व पीसी लावमुकंगा (दोनों पूर्व आइएएस अधिकारी) के अलावा एमडीएस के पूर्व परियोजना निदेशक वाई. निंगथेम सिंह व उसके प्रशासनिक अधिकारी एस. रंजीत सिंह के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। सीबीआइ ने राज्य की भाजपानीत सरकार के आग्रह पर 20 नवंबर 2019 को मामले की जांच शुरू की थी।






