DAVV गुरु गोविंद सिंह लॉ कॉलेज विवाद सुलझा, LLB के 2019-20 बैच के दोनों सत्रों का रिजल्ट जारी

देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी ने शासन के आदेश के बाद गुरु गोविंद सिंह लॉ कॉलेज के 2019-20 बैच के LLB के स्टूडेंट्स का फर्स्ट और सेकंड सेमेस्टर का रिजल्ट जारी कर दिया। ये स्टूडेंट्स अब थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इन स्टूडेंट्स की परीक्षा आगामी 9 मई से शुरू होगी। यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट इन बैच के स्टूडेंट्स की थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा फर्स्ट सेमेस्टर की नई परीक्षा के साथ कराएगा। काफी वक्त से स्टूडेंट्स अपने रिजल्ट को लेकर परेशान थे। वहीं नए सेशन के साथ ही लॉ कॉलेजों की मॉनिटरिंग भी तय मापदंडों के अनुसार हो रही है।
गुरु गोविंद सिंह लॉ कॉलेज के 2019-20 बैच के स्टूडेंट्स अपने फर्स्ट और सेकंड ईयर के रिजल्ट को लेकर परेशान थे। मगर शासन के आदेश के बाद यूनिवर्सिटी ने उनके रिजल्ट को जारी कर दिया जिसके चलते स्टूडेंट्स ने राहत की सांस ली है।यूनिवर्सिटी आगामी 28 अप्रैल से LLB की परीक्षा कंडक्ट करने वाली थी। मगर गुरु गोविंद सिंह लॉ कॉलेज के स्टूडेंट्स को इस एग्जाम में शामिल करने के चलते इसे स्थगित कर दिया था। अब ये एग्जाम 9 मई से होगी। यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट की मानें तो गुरु गोविंद सिंह लॉ कॉलेज का मामला सुलझ गया है। इसके चलते इन स्टूडेंट्स का रिजल्ट जारी कर दिया गया है।
अगस्त 2021 में राज्य शासन से गुरु गोविंद सिंह लॉ कॉलेज की मान्यता समाप्त कर दी थी। उसके बाद से ही लगातार विवाद चल रहा था। मगर इस बीच कॉलेज के 270 से ज्यादा स्टूडेंट्स में से 112 स्टूडेंट्स को दूसरे कॉलेजों में शिफ्ट कर दिया गया था। हालांकि अब यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट का कहना है कि जो शेड्यूल लेट हुआ है उसे टाइम पर लाया जाएगा। इसलिए अगली एग्जाम समय से 30 दिन पहले कंडक्ट कराई जाएगी।






