झारखंड में 27 पर पहुंचा कोरोना का आंकड़ा, अबतक 2 मौत; जानें ताजा हाल

रांची। Coronavirus Jharkhand News Update झारखंड में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को एक बार फिर झारखंड में कोरोना के 3 और मरीज मिले हैं। सोमवार को भी देर शाम रिम्स में हुई जांच में पांच नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही पिछले 24 घंटों में राज्य में 8 नए मरीज मिलने से खलबली मच गई है। अबतक कुल 27 करोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें दो कोरोना मरीजों की मौत हो गई है। कोरोना के हॉट स्पॉट बनते जा रहे रांची के हिंदपीढ़ी में आज फिर दो नए मामले सामने आए। जबकि एक मामला सिमडेगा से संक्रमण का मिला है। सोमवार को हिंदपीढ़ी से तीन तथा बोकारो में एक नए मरीज मिले हैं। इसी तरह, गिरिडीह में भी एक नया मरीज मिला है। स्वास्थ्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने इसकी पुष्टि की है।
हिंदपीढ़ी में तीन अन्य युवकों में संक्रमण मिला है। तीनों 35 से 45 वर्ष आयुवर्ग के हैं। बताया जाता है कि इसमें 35 वर्षीय युवक हिंदपीढ़ी के उस मरीज के संपर्क में आया था, जिसकी मौत तीन दिन पूर्व हो गई थी। वहीं, गिरिडीह की 55 वर्षीय महिला में संक्रमण पाया गया। यह उस मरीज की मां है, जिसका इलाज कोडरमा में चल रहा है। बोकारो का 27 वर्षीय नया मरीज गोमिया स्थित साड़म का निवासी है, जहां पहले ही कई मरीज मिल चुके हैं तथा जिनमें एक की मौत भी हो गई है।-
अभी तक एक भी मरीज ठीक नहीं
इसी के साथ झारखंड में कोरोना के मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 27 हो गई है। इनमें दो की मृत्यु हो गई। 25 मरीजों में संक्रमण बरकार है और अभी एक भी मरीज संक्रमण से मुक्त नहीं हुआ है। झारखंड के लिए राहत की बात यह है कि जो भी नए मरीज मिले हैं वे उन जगहों से ही मिले हैं जहां कोरोना के मरीज पहले से मिल चुके हैं। ऐसे चार स्पॉट के अलावा नई जगहों पर कोरोना का संक्रमण अभी नहीं मिला है।
झारखंड में फिर पांच कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। सोमवार को रिम्स में सैंपल जांच के दौरान ये मामले सामने आए। इस तरह अबतक झारखंड में कुल 27 कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की जा चुकी है। इनमें दो संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। रिम्स में सोमवार को जांचे गए 178 सैंपलों में पांच पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई है। जबकि बाकी 173 सैंपल नेगेटिव मिले हैं। रिम्स निदेशक डॉ डीके सिंह ने 24 घंटों मे 8 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिलने की पुष्टि की है। बताया गया है कि मंगलवार को तीन और सोमवार को मिले पांच नए कोरोना पॉजिटिव मामलों में 5 रांची के हिंदपीढ़ी, एक गिरिडीह, एक सिमडेगा व एक बोकारो से संबद्ध हैं।
कब और कहां मिला कोरोना संक्रमित मरीज
- 31 मार्च : रांची के हिंदपीढ़ी में ठहरी मलेशिया मूल की तब्लीगी महिला पाई गई संक्रमित।
- 02 अप्रैल : हजारीबाग के विष्णुगढ़ के एक व्यक्ति में मिला संक्रमण। पश्चिम बंगाल के आसनसोल से लौटा था।
- 05 अप्रैल : बोकारो के चंद्रपुरा के तेलो गांव की महिला निकली कोरोना मरीज।
- 06 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी की एक और महिला में संक्रमण।
- 08 अप्रैल : हिंदपीढ़ी के पांच और लोगों में संक्रमण, बोकारो के चंद्रपुरा में तीन और गोमिया में एक मरीज। गोमिया के मरीज की मौत हो गई है।
- 09 अप्रैल : बोकारो के चंद्रपुरा में मिला एक और पॉजिटिव केस।
- 11 अप्रैल : हिंदपीढ़ी तथा हजारीबाग में एक-एक और मरीज। कोडरमा (गिरिडीह का रहनेवाला) में पहला मरीज।
- 12 अप्रैल : गोमिया के साड़म में दो नए मरीज मिले।
- 13 अप्रैल : रांची हिंदपीढ़ी के तीन, बोकारो तथा गिरिडीह में एक-एक पॉजिटिव केस मिले।
किस जिले में अबतक कितने मिले मरीज
- रांची (हिंदपीढ़ी) : 11
- बोकारो : 09
- हजारीबाग : 02
- कोडरमा/गिरिडीह : 01
- गिरिडीह : 01
झारखंड में 5 और नए मामले, तीन रांची के हिंदपीढ़ी, एक गिरिडीह व एक बोकारो के रहने वाले
राज्य में कोरोना वायरस तेजी से पांव पसार रहा है। झारखंड में 19 पॉजिटिव मामलों के बाद सोमवार को फिर 5 मरीजों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। देर शाम स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी। 5 पॉजिटिव मरीजों में तीन रांची के हिंदपीढ़ी, एक गिरिडीह व एक बोकारो का रहने वाला है। रांची में एक की मौत के बाद संख्या अब 12 पर पहुंच गई। जबकि बोकारो में संख्या 9 हुई। साथ ही गिरिडीह में यह पहला पॉजिटिव मामला है। रिम्स में सोमवार को 270 सैंपलों की जांच की जा रही है। सभी सैंपल 3 लॉट में जांच में डाले गए थे। देर शाम 178 की रिपोर्ट में इन 5 मामलों की पुष्टि हुई है।
सरकार ने राज्य में कोरोना के 24 पॉजिटिव केस मिलने तथा दो मरीजों की मौत होने के बाद संदिग्ध मरीजोंकी जांच तेज कर दी है। सोमवार को अबतक सबसे अधिक 406 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजें गए। इनकी रिपोर्ट अभी नहीं आ पाई है। अबतक की बात करें तो राज्य में कुल 2,523 लोगों के सैंपल की जांच हुई है जिनमें 19 की रिपोर्ट पॉजिटिव तथा 1,963 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 541 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार अभी भी है जिनमें सोमवार को लिए गए 406 सैंपल भी शामिल हैं।
कोरोना फैक्ट फाइल
- वर्तमान में 1,07,594 लोग होम क्वारंटाइन में हैं, जबकि 14,907 लोग अस्पतालों के क्वारंटाइन सेंटर में हैं।
- चीन, नेपाल, इटली, मलेशिया आदि देशों से लौटे 2,652 लोग आइसोलेशन में रखे गए हैं। 849 लोगों का आइसोलेशन पीरियड खत्म हो गया है।