महिलाओं के दम पर बनी सरकार कर रही अनदेखी- इंदुबाला

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई। राष्ट्रीय महिला मोर्चा की महामंत्री और राज्यसभा सदस्य इंदु बाला गोस्वामी ने छत्तीसगढ़ की राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि जो सरकार महिलाओं के दम पर बनी है, आज वहीं महिलाओं की अनदेखी कर रही है। आधा कार्यकाल बीतने के बाद भी महिलाओं से किए वादे की तरफ देख भी नहीं रही है।
शराब का नुकसान महिलाओं को ही भुगतना पड़ता है। इसके कारण हत्या के मामले में छत्तीसगढ़ देश में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। महिला स्व सहायता समूह की बहने कर्जमाफी की राह देख रही हैं। केंद्र सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए गोस्वामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बन चुका है।
पूरे विश्व में एक उम्मीद का केंद्र बना हुआ है। राज्यसभा सदस्य डॉ. सरोज पांडे ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की ताकत को कम आंक रही है। सरकार की योजनाएं हमारी बहनों की प्रगति में लगातार बाधक है। प्रदेश उपाध्यक्ष मीनल चौबे ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन महिला मोर्चा की ममता साहू ने किया।
भाजपा सरकार में शुरू हुआ महिला सशक्तिकरण का यज्ञ
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि भाजपा शासन में महिला सशक्तिकरण का यज्ञ छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ। छत्तीसगढ़ का गौरव है कि हर हिस्से में शक्ति स्वरूपा महिलाएं विद्यमान हैं। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार की सारी योजनाओं की शुरुआत बहनों और माताओं से होती थी। बेटियों के पैदा होने से शादी होने तक योजनाओं की हमने शुरुआत की है। इस सरकार ने बहनों का सम्मान करना बंद कर दिया है।
यह भी थे मौजूद
कार्यसमिति में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत मौजूद थी। विभा अवस्थी और चंपादेवी पावले ने कार्यक्रम का संचालन किया। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, राम प्रताप सिंह, कमला देवी पाटले, रंजना साहू, विभा राव, पूजा विधानी उपस्थित थीं।






